
उदित वाणी, रांची : नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झामुमो के आंदोलन को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अवैध पत्थर खनन मामले की सीबीआई जांच से बौखलाकर सत्ताधारी दल के कार्यकर्ता अब खुले तौर पर गुंडागर्दी पर उतर आए हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किए गए अपने ट्वीट में आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से साहिबगंज में रेलवे के जरिए होने वाली पत्थर ढुलाई को झामुमो के स्थानीय और छुटभैये नेताओं द्वारा रोका जा रहा हैं. उन्होंने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विदेश दौरे पर निवेश लाने की बातें कर रहे हैं.
वहीं दूसरी तरफ उनके इशारे पर राज्य में अराजकता फैलाई जा रही है. मरांडी ने चेतावनी दी कि अगर ऐसी स्थिति बनी रही, तो झारखंड में कोई भी निवेशक आने का साहस नहीं करेगा. बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि चाहे ईडी का कार्यालय घेर लीजिए या सीबीआई जांच को प्रभावित करने के लिए पत्थर की ढुलाई रोकिए. भ्रष्टाचार के खिलाफ कारवाई नहीं रुकने वाली है.
