
उदित वाणी, जमशेदपुर : राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने व्यापक जन जागरूकता अभियान शुरू किया है. मंगलवार को जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय राय के नेतृत्व में स्कूली बच्चों ने शहर में रैली निकालकर यातायात नियमों का संदेश दिया.
युवाओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया
बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर हेलमेट, सीट बेल्ट, तेज गति से वाहन न चलाने और नियमों के पालन का आह्वान किया. पदाधिकारी धनंजय कुमार ने बताया कि अभियान का लक्ष्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और युवाओं को संवेदनशील बनाना है.
दुर्घटनाओं में कमी के सकारात्मक संकेत
पिछले वर्ष की तुलना में इस साल मौतों की संख्या घटी है. पदाधिकारी ने कहा कि जन जागरूकता सबसे प्रभावी उपाय है, जिसमें स्कूली बच्चे महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. अभियान लगातार जारी रहेगा.
अभिभावकों से विशेष अपील
अभिभावकों से अपील की गई कि बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन सिखाएं. जिला प्रशासन प्रतिदिन विभिन्न माध्यमों से जागरूकता फैलाएगा, ताकि शहर सुरक्षित बने.

