
उदित वाणी जमशेदपुर : रविवार की सुबह गोलमुरी थाना क्षेत्र में उस समय हलचल मच गई, जब सड़क किनारे एक लावारिस लेडीज बैग गिरा हुआ पाया गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना गोलमुरी थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से बैग की जांच की गई। जांच के दौरान बैग के अंदर से कुछ जरूरी कागजात मिले, जिनके आधार पर उसकी पहचान लीला दास (उम्र लगभग 60 वर्ष) के रूप में हुई।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कागजात में दर्ज पते और मोबाइल नंबर के आधार पर लीला दास से संपर्क किया। उन्हें थाना बुलाया गया, जहां पहचान की पुष्टि के बाद बैग उन्हें सौंप दिया गया। बैग में करीब ढाई हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित पाए गए।
अपना खोया हुआ बैग वापस पाकर लीला दास भावुक हो उठीं और उन्होंने गोलमुरी थाना पुलिस का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बैग में रखे कागजात और मोबाइल उनके लिए बेहद जरूरी थे, जिनके खो जाने से उन्हें काफी परेशानी हो सकती थी।
इस पूरे घटनाक्रम से पुलिस की ईमानदारी और तत्परता एक बार फिर सामने आई है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे भरोसे का उदाहरण बताया।

