
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना अंतर्गत करनडीह मेन रोड स्थित “कार हॉस्पिटल” नामक वाहन मरम्मत गैराज में शुक्रवार देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा आगजनी की गंभीर घटना को अंजाम दिया गया. इस घटना में गैराज में मरम्मत के लिए खड़ी तीन कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि एक अन्य वाहन आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार “कार हॉस्पिटल” गैराज का संचालन वैद्यनाथ महतो एवं मंगल कुजूर की साझेदारी में किया जाता है. घटना के समय गैराज में ग्राहकों की तीन गाड़ियां मरम्मत के लिए खड़ी थीं. इनमें डस्टर कार (जेएच 10 एबी 4439), टाटा नैनो (जेएच 05 एल 4648) तथा मारुति ऑल्टो (ओआर 02 बीके 1670) शामिल हैं. ये तीनों वाहन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए. इसके अलावा बगल में खड़ी मारुति 800 (जेएच 05 एच 3419) का पिछला हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया.
मकर संक्रांति पर्व के कारण गैराज के सभी कर्मचारी छुट्टी पर थे. गैराज के साझेदार वैद्यनाथ महतो भी अपने गांव गए हुए थे. रात में केवल एक कर्मचारी मौजूद था, लेकिन कड़ाके की ठंड के कारण वह अंदर कमरे में सो रहा था, जिससे बाहर घटित इस घटना की जानकारी उसे समय पर नहीं मिल सकी.
गैराज संचालकों ने आशंका जताई है कि यह घटना पूरी तरह सुनियोजित है और किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर आग लगाई गई है. आग लगने के वास्तविक कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी.
परसुडीह थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे बंद परिपथ दूरदर्शन कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आगजनी करने वालों की पहचान की जा सके. इस घटना से गैराज संचालकों और वाहन मालिकों को लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. पुलिस ने शीघ्र ही मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया है.

