
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कालीमाटी–टूइलाडुंगरी रोड पर शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. यह दुर्घटना एक ट्रक चालक की सूझबूझ से टल सकी, जिससे कई लोगों की जान बच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक के आगे एक कार चल रही थी. अचानक कार चालक ने तेज ब्रेक लगा दी, जिससे पीछे चल रहा ट्रक अनियंत्रित हो गया. स्थिति बेहद गंभीर हो गई थी और टक्कर लगभग तय मानी जा रही थी.
हालांकि, ट्रक चालक ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रक को सड़क के डिवाइडर की ओर मोड़ दिया. इस फैसले से सामने चल रही कार से सीधी भिड़ंत टल गई और एक बड़ा हादसा होने से बच गया. ट्रक डिवाइडर से जा टकराया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. घटना के समय पीछे से आ रहे वाहन चालकों ने पूरी घटना को देखा और कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया.
हादसे के बाद सामने चल रही कार का चालक, जिसमें कई यात्री सवार थे, मौके से वाहन समेत फरार हो गया. कार के अचानक ब्रेक लगाने के कारण ही यह स्थिति उत्पन्न हुई थी, लेकिन चालक जिम्मेदारी से बचते हुए वहां से निकल गया. ट्रक चालक का नाम रंजीत सिंह बताया जा रहा है, जो पूरी घटना के बाद भी सुरक्षित है.
सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ट्रक को डिवाइडर से हटाने का कार्य शुरू किया और सड़क पर फंसे वाहनों को निकालकर यातायात को सामान्य कराने में जुट गई. पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों से घटना की जानकारी ली और फरार कार चालक की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं.

