
उदित वाणी, रांची : भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कांग्रेस पार्टी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल में एसआईआर विवाद, चीन-पाकिस्तान के मुद्दों और देश की आंतरिक राजनीति को लेकर बयान दिए.
कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए प्रतुल शाहदेव ने आईएएनएस से कहा कि कांग्रेस की राजनीति आज भी एक ही परिवार तक सीमित है और वहां लोकतांत्रिक व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है.
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर उस परिवार का कोई बच्चा भी पहुंच जाए, तो कांग्रेस नेता रेड कारपेट बिछा देते हैं. इसी सोच के कारण जर्मनी के चांसलर जैसे देश के सम्मानित मेहमान को भी उचित सम्मान नहीं मिला, क्योंकि उस समय राहुल गांधी कर्नाटक दौरे पर थे. उन्होंने कहा कि इससे कांग्रेस की विकृत मानसिकता साफ झलकती है.
पश्चिम बंगाल में एसआईआर को लेकर प्रतुल शाहदेव ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि वहां बूथ लेवल अधिकारियों पर दबाव डालकर वोटर लिस्ट में गड़बड़ी दोहराने की कोशिश की जा रही है. भाजपा ने इसका कड़ा विरोध किया है, खासकर उन मामलों में जहां असली मतदाताओं, विशेषकर हिंदू बहुल इलाकों के वोटरों के नाम हटाए गए हैं. पार्टी ने चुनाव आयोग से मांग की है कि बीएलओ बिना किसी राज्य सरकार के दबाव के स्वतंत्र रूप से काम करें और केवल अवैध प्रवासियों, मृतकों, पलायन कर चुके लोगों और डुप्लीकेट वोटरों के नाम ही हटाए जाएं.
राहुल गांधी और चीन के मुद्दे पर बोलते हुए प्रतुल शाहदेव ने कहा कि अक्साई भारत का हिस्सा था, लेकिन कांग्रेस की ऐतिहासिक गलतियों के कारण उसे बिना किसी प्रावधान के चीन को सौंप दिया गया.
उन्होंने दावा किया कि जब यह मुद्दा संसद में उठा, तो तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने कहा था कि वहां घास तक नहीं उगती, इसलिए उसे छोड़ देना चाहिए. संसद में उस समय यह तक कहा गया था कि अगर ऐसी सोच है, तो देश के हिस्से दान में भी दिए जा सकते हैं. प्रतुल शाहदेव ने कहा कि ये सब ऐतिहासिक तथ्य हैं और कांग्रेस की गलतियों की वजह से ही आज अक्साई भारत के पूर्ण नियंत्रण में नहीं है. अब भारत उन पुरानी गलतियों को सुधारने के लिए ठोस कदम उठा रहा है.
पाकिस्तान को लेकर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भारत ने उसे कई बार करारी शिकस्त दी है. उन्होंने 1947 के कश्मीर में कबायली हमले, 1965 की जंग, 1971 में पाकिस्तान के दो टुकड़े होने और कारगिल युद्ध का जिक्र किया.
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इसके बावजूद पाकिस्तान ने सबक नहीं सीखा. हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि भारत ने एलओसी पार कर पाकिस्तान के अंदर नूर खान एयरबेस समेत कई ठिकानों पर हमला किया और पाकिस्तानी सेना को कड़ा संदेश दिया. बार-बार हार के बावजूद पाकिस्तान सुधरने को तैयार नहीं है और फिर से मुंह की खाने को तैयार बैठा है.
आतंकवाद पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रतुल शाहदेव ने कहा कि भारत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अगर किसी दूसरे देश की जमीन से भारत के खिलाफ आतंक फैलाया गया, तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. पहले भी भारत कई अभियानों के जरिए पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को तबाह कर चुका है. अगर पाकिस्तान फिर से जिहादी तत्वों को पनाह देता है, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.
उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा वहां बिना किसी समझौते वाली, सख्त और पारदर्शी सरकार चला रही है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रविरोधी, कट्टरपंथी और जिहादी सोच रखने वालों के लिए यूपी में कोई जगह नहीं है. यूपी की आबादी कई देशों से ज्यादा है, फिर भी भाजपा वहां लगातार तीसरी बार सत्ता में आई है.
(आईएएनएस)

