
उदित वाणी, जामताड़ा : जामताड़ा थाना क्षेत्र के कायस्तपाड़ा चौक स्थित बालाजी ज्वेलर्स में 24 दिसंबर 2025 की शाम करीब 6 बजे हुई सनसनीखेज लूट और फायरिंग की वारदात का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्घाटन कर लिया. इस मामले में चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो फरार हैं. उनकी तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है.
पुलिस अधीक्षक राजकुमार मेहता ने थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में खुलासा किया. उन्होंने बताया कि घटना के दिन दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधी हथियारबंद होकर दुकान में घुसे. लूट का विरोध करने पर दुकान मालिक अमन वर्मा को गोली मार दी गई, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए. इसके बाद लुटेरे आभूषण लूटकर बाजार में फायरिंग करते फरार हो गए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई.
घटना के बाद जामताड़ा थाना कांड संख्या 137/25, 25.12.2025 को धारा 309(6) बीएनएस व 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हुआ. एसपी के निर्देश पर तीन एसआईटी गठित की गईं, जिन्होंने सीसीटीवी विश्लेषण, तकनीकी साक्ष्य और गुप्त सूचना से छापेमारी की.
गिरफ्तार अपराधी हैं- अजीत यादव, हसमत अंसारी, चंदन कुमार साव और मुकेश यादव. इनके कब्जे से 7.65 एमएम बोर का देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिलें, लूट के आभूषण बरामद हुए. पुलिस के मुताबिक, गिरोह का आपराधिक इतिहास देवघर से जुड़ा है. फरार अपराधियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा.

