
उदित वाणी, रांची : झारखंड निर्माता और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश भाजपा ने राज्यभर में बूथ स्तर तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए. भाजपा कार्यकर्ताओं ने अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर चर्चा की.
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदेश के चार विधानसभा क्षेत्रों-डाल्टनगंज, भवनाथपुर, सिमरिया और बरही में “अटल स्मृति सम्मेलन” भी आयोजित किए गए. भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने अटल जी की जीवन यात्रा पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अटल जी के राष्ट्रनिर्माण, सुशासन और झारखंड के गठन में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया.
विधानसभा परिसर में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविंद्र कुमार राय ने अटल जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया.
कर्मवीर सिंह ने कहा कि “अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के महान व्यक्तित्व थे. वे कुशल संगठनकर्ता और सुशासन के प्रतीक थे. अटल जी ने राजनीति में शुचिता, संवाद और पारदर्शिता की परंपरा स्थापित की. झारखंड निर्माण के माध्यम से उन्होंने विकास की मजबूत नींव रखी.”
डॉ. रविंद्र कुमार राय ने कहा कि “अलग झारखंड राज्य का निर्माण अटल जी की दूरदर्शी सोच और संवेदनशील नेतृत्व का परिणाम था. इस निर्णय ने आदिवासी, मूलवासी और वंचित समाज को नई पहचान और अधिकार दिया. उनका जीवन हम सबके लिए प्रेरणास्रोत है.”
कार्यक्रम में प्रमुख भाजपा नेता सी.पी. सिंह, यदुनाथ पांडेय, सुनीता सिंह, हेमंत दास, अशोक बड़ाईक, शोभा यादव, संदीप वर्मा, बलराम सिंह, जितेंद्र वर्मा सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे. सभी ने अटल जी के विचारों पर चलने और उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया.

