
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी गुरुद्वारा के पास स्थित पार्क में देर शाम धार्मिक किताबें बाँटने को लेकर हंगामा खड़ा हो गया. स्थानीय लोगों ने एक युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस को सौंप दिया. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल देखने को मिला, हालांकि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम को पार्क में कई लोग टहल रहे थे. इसी दौरान एक युवक उनके बीच जाकर एक धर्म विशेष से जुड़ी किताबें बाँटने लगा. उसका व्यवहार संदिग्ध लगने पर लोगों ने उससे पूछताछ की. युवक ने बताया कि उसका नाम रितेश सिंह है और वह सोनारी का ही रहने वाला है. पूछे जाने पर उसने स्वीकार किया कि वह एक धर्म का प्रचार कर रहा था और उसी उद्देश्य से लोगों को किताबें बाँट रहा था.
यह सुनते ही कुछ लोगों ने नाराजगी जाहिर की और युवक को ऐसा करने से रोकने की कोशिश की. आरोप है कि विरोध बढ़ने पर कुछ लोगों ने युवक की लप्पड़-थप्पड़ कर पिटाई कर दी और पुलिस को बुला लिया. मौके पर पहुंची सोनारी पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए युवक को अपने साथ थाने ले गई. थाने में पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया और भविष्य में इस तरह की गतिविधि से बचने की सलाह दी.
घटना के बाद लोगों में आक्रोश देखा गया. पार्क में मौजूद कई लोगों ने वहां बांटी गई किताबों को फाड़कर फेंक दिया और कुछ ने जला भी दिया. स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इस तरह का धार्मिक प्रचार उनके क्षेत्र की शांति को भंग कर सकता है और भविष्य में विवाद की स्थिति पैदा कर सकता है. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे कृत्यों पर रोक लगाई जाए और इस तरह की घटनाओं को दोबारा होने से बचाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं. घटना को लेकर पुलिस ने शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच जारी रहने की बात कही है.

