
उदित वाणी जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत वन क्षेत्रों से सटे रेलखंडों पर जंगली हाथियों की लगातार आवाजाही के कारण एक बार फिर रेल यातायात प्रभावित हुआ है. यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए रेलवे प्रशासन ने 18 और 19 दिसंबर 2025 को कुल पांच मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को रद्द करने का निर्णय लिया है.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार नौगांव–राउरकेला, चक्रधरपुर–राउरकेला तथा राउरकेला–झारसुगुड़ा रेलखंड हाथी कॉरिडोर क्षेत्र में आते हैं. बीते कुछ दिनों से इन सेक्शनों में हाथियों की गतिविधि बढ़ गई है, जिससे ट्रेनों के सुरक्षित परिचालन पर खतरा उत्पन्न हो गया था. किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए एहतियातन ट्रेनों का परिचालन स्थगित किया गया है.
रद्द की गई ट्रेनें इस प्रकार हैं:
68025/68026 चक्रधरपुर–राउरकेला–चक्रधरपुर मेमू,
68043/68044 टाटानगर–राउरकेला–टाटानगर मेमू,
18175/18176 हटिया–झारसुगुड़ा–हटिया मेमू,
68029/68030 राउरकेला–झारसुगुड़ा–राउरकेला मेमू,
58151/58152 बड़ामपहाड़–बांगिरिपोसी–बड़ामपहाड़ पैसेंजर ट्रेन.
उक्त सभी ट्रेनें 18 और 19 दिसंबर को दोनों दिशाओं में रद्द रहेंगी.
रेलवे ने बताया कि वन विभाग और रेलवे सुरक्षा बल के साथ समन्वय कर हाथियों की निगरानी लगातार की जा रही है. स्थिति सामान्य होने पर ट्रेन सेवाओं को पुनः बहाल किया जाएगा.
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि ट्रेनों के रद्द होने से दैनिक यात्रियों, छात्रों और कर्मचारियों को परेशानी होगी, लेकिन वन्यजीवों और यात्रियों की सुरक्षा के लिए यह फैसला जरूरी है.
