
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर-कांड्रा मुख्य मार्ग के शेष 8.5 किमी भाग पर सीएसआर के तहत 260 स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य शुरू हो गया है. इस राहत भरी खबर से प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले लाखों लोगों को लाभ मिलेगा. कुल 15.5 किमी लंबे इस मार्ग पर पहले केवल 6.9 किमी में ही जेएआरडीसीएल द्वारा 2011 में प्रकाश व्यवस्था की गई थी, बाकी हिस्से में घनघोर अंधेरा व्याप्त था.
14 वर्षों तक सामाजिक संगठन जन कल्याण मोर्चा के पत्राचार के बावजूद कोई समाधान न होने से सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही थीं. जिला उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए झारखंड पथ निर्माण सचिव सुनील कुमार के सहयोग से आरकेएफएल समूह को आगे आकर कार्य करने को कहा.

आरकेएफएल समूह प्रत्येक 35 मीटर पर 12 मीटर ऊंचे अंडरग्राउंड स्ट्रीट लाइट पोल लगाने का काम शुरू कर चुका है, जो तीन माह में पूर्ण होगा. इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी की उम्मीद है. पहले भी दुर्गा पूजा पर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक के प्रयास से दर्जनों लाइट दुरुस्त की गई थीं.
जन कल्याण मोर्चा, जलाडो एवं आदित्यपुर अधिवक्ता संघ अध्यक्ष ओमप्रकाश ने उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत एवं आरकेएफएल समूह को बधाई दी. उन्होंने कहा कि कांड्रा-सरायकेला रोड पर पहले भी इस समूह द्वारा स्ट्रीट लाइट लगाई गई थीं, जो जनहित में सिद्ध हो रही हैं.

