
उदित वाणी जमशेदपुर: झारखंड प्रदेश महिला फुटबॉल एसोसिएशन की नव-निर्वाचित अध्यक्ष गुंजन सिंह शनिवार को पहली बार जमशेदपुर पहुंचीं, जहाँ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। झारखंड महिला प्रदेश उपाध्यक्ष पुनीता चौधरी ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला फुटबॉल खिलाड़ी, खेलप्रेमी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि गुंजन सिंह के नेतृत्व में झारखंड में महिला फुटबॉल को नई दिशा मिलेगी और खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर पैदा होंगे।
“जिम्मेदारी का ईमानदारी से निर्वहन करूंगी” — गुंजन सिंह
मीडिया से बात करते हुए गुंजन सिंह ने कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, वह उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएंगी। उन्होंने बताया कि उनका पहला लक्ष्य पूरे प्रदेश में संगठन को मजबूत बनाना है, जिसके लिए हर जिले में सक्रिय कमेटियाँ गठित की जाएंगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपार प्रतिभाएँ छिपी हुई हैं, जिन्हें खोजकर मुख्यधारा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता होगी। जल्द ही महिला फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था, अवसर और एक बड़े राज्यस्तरीय टूर्नामेंट की तैयारी भी शुरू की जाएगी।

