
उदित वाणी जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के सुपरवाइज़र फ्लैट में बुधवार देर शाम एक महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है। घटना लगभग 7.30 बजे की है। मृतका की पहचान 43 वर्षीय सारिका देवी, पत्नी लोक विजय के रूप में हुई है, जो टाटा स्टील में कार्यरत हैं।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर खाना खाने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था। बताया जाता है कि इसी दौरान उत्पन्न तनाव के कुछ घंटों बाद सारिका देवी ने फांसी लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने तुरंत उन्हें फंदे से उतारकर टीएमएच अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका की एक 20 वर्षीय बेटी भी है, जो घटना के बाद सदमे में है।
सूचना पर सीतारामडेरा पुलिस टीएमएच पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गुरुवार को आवश्यक औपचारिकताओं के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिवार के बयान के आधार पर ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।
पुलिस पति-पत्नी के विवाद को लेकर पड़ोसियों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच जारी है।

