
उदित वाणी, जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र की नामदा बस्ती में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर करारी चोट करते हुए एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी शुभम सिंह (28 वर्ष) नामदा बस्ती का ही निवासी बताया जा रहा है. पुलिस ने उसके पास से 21 पुड़िया ब्राउन शुगर (लगभग 3 ग्राम), 500 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया है.
सिटी डीएसपी सुनील कुमार चौधरी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री हो रही है. सूचना के आधार पर गोलमुरी थाना ने छापेमारी दल तैयार किया और 9 दिसंबर की शाम मकान संख्या 45 में दबिश दी.
पुलिस टीम को देखते ही शुभम सिंह भागने लगा, लेकिन घात लगाए जवानों ने उसे कुछ ही क्षणों में पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से बिक्री के लिए तैयार ब्राउन शुगर की पुड़िया बरामद हुईं. पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में पता चला है कि आरोपी कुछ समय से स्थानीय नशा उपभोक्ताओं को छोटे पैकेट में ब्राउन शुगर की आपूर्ति कर रहा था.
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी नशा कहां से लाता था और इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं. गोलमुरी थाना ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है.
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इलाके में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा.

