
उदित वाणी, जमशेदपुर : घर में नाक से खून निकलने के बाद परिजनों ने टीएमएच पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. कैंसर से पीड़ित सिन्हा का अंतिम संस्कार मंगलवार को सुबह 11 बजे पार्वती घाट पर होगा.
जमशेदपुर टाटा स्टील यूआईएसएल (जुस्को) के एमडी रितुराज सिन्हा का निधन रविवार को हो गया. 58 वर्षीय सिन्हा का निधन दोपहर एक बजकर 56 मिनट पर हुआ. टाटा यूआईएसएल के कारपोरेट कम्युनिकेशन ने बताया है कि रविवार दोपहर को घर में अचानक उनके नाक से खून निकलने लगा. अफरा-तफरी में परिजनों ने उन्हें तुरंत टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. कैंसर से पीड़ित सिन्हा का अंतिम संस्कार मंगलवार सुबह 11 बजे पार्वती घाट बिष्टुपुर में होगा. उनके दो बेटे हैं, जो अभी जमशेदपुर में ही है.
1990 बैच के ग्रेजुएट ट्रेनीज थे
रितुराज सिन्हा 1990 के ग्रेजुएट ट्रेनीज थे. मेकेनिकल इंजीनियर रहे सिन्हा शुरू में फाउंड्री में रहे. बाद में जब जुस्को के एमडी संजीव पॉल बने तो रितुराज सिन्हा जुस्को में कारपोरेट सर्विसेस के हेड रहे. संजीव पॉल के टाटा स्टील में जाने के बाद सिन्हा को भी जुस्को से टाटा स्टील भेज दिया गया. नवम्बर 2022 में सिन्हा को टाटा स्टील यूआईएसएल का एमडी बनाया गया. उनका कार्यकाल तीन साल का था, मगर एक माह पहले ही उन्हे दिसंबर 2027 तक के लिए एक्सटेंशन मिल गया था.
प्रबंधन और यूनियन की समझ शानदार थी
टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष डॉ.शाहनवाज आलम ने कहा कि रितुराज सिन्हा ऐसे कारपोरेट लीडर थी, जिनकी प्रबंधन और यूनियन की समझ अच्छी थी. वे जानते थे कि कैसे दोनों के बीच बेहतर संबंध बनाकर आगे बढ़ना है. यही कारण रहा कि उनके नेतृत्व में टाटा स्टील यूआईएसएल काफी ग्रॉथ किया. बेहद हंसमुख और मिलनसार थे.

