
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिस्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित जे.एम.ए स्टोर्स के कार्यालय से 1 दिसंबर को हुई 12 लाख 47 हजार रुपये की चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर लिया है. घटना के बाद स्टोर प्रबंधन ने बिस्टुपुर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए जमशेदपुर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों तथा अन्य संदिग्धों से पूछताछ की.
तफ्तीश के दौरान पुलिस को संदेह उसी स्टोर में करीब 20 वर्षों से काम कर रहे स्टाफ रवि रंजन पर गया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की. अंततः लंबे समय तक पूछताछ के बाद रवि रंजन ने चोरी की बात स्वीकार कर ली. पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि जिस दिन चोरी हुई, उस दिन स्टोर का कैशियर छुट्टी पर था. इसी दौरान रवि रंजन ने लॉकर की चाबी कहाँ रखी जाती है, यह देख लिया था. मौके का फायदा उठाकर उसने लॉकर खोलकर रुपए निकाल लिए और घटना को अंजाम दिया.
पुलिस ने खुलासा किया कि आरोपी ने चोरी किए गए रुपये कहीं बाहर नहीं ले जाए थे बल्कि उसे उसी कार्यालय के एक सुरक्षित स्थान पर छिपा दिया था. उसकी निशानदेही पर पुलिस टीम ने जे.एम.ए स्टोर्स के कार्यालय से कुल 8 लाख 91 हजार 500 रुपये बरामद कर लिए हैं. शेष राशि के बारे में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर जानकारी जुटा रही है.
जांच के दौरान यह भी स्पष्ट हुआ कि रवि रंजन का इससे पहले कोई आपराधिक इतिहास नहीं रहा है और वह पिछले दो दशकों से ईमानदारी के साथ संस्था में कार्य करता था. आर्थिक लोभ में आकर उसने यह कदम उठाया, ऐसा पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर बताया.
फिलहाल पुलिस ने आरोपी रवि रंजन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अब बरामद नहीं हुई शेष राशि और घटना से जुड़े अन्य संभावित पहलुओं की जांच जारी रखे हुए है.

