
उदित वाणी जमशेदपुर : शहर के सिविल कोर्ट परिसर में एक महिला को खुलेआम गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। कदमा थाना क्षेत्र के उलियान निवासी वैशाली कुमारी ने इस संबंध में सिविल कोर्ट के रजिस्ट्रार को लिखित आवेदन देकर शिकायतवाद दर्ज कराया है। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
वैशाली कुमारी ने अपने आवेदन में बताया कि बीते 4 अक्टूबर को वह अपने केस की अगली तारीख की जानकारी लेने कोर्ट आई थी। इसी दौरान मामले के आरोपी अमित रंजन अपने साथियों—नीरज कुशवाहा, मिनमॉय सरकार और अपने भाई अंकित राज—के साथ कोर्ट परिसर में मौजूद था। आरोप है कि अमित रंजन ने वहीं उसके साथ गाली-गलौज करते हुए कहा कि वह अभी जेल जा रहा है और बाहर निकलते ही उसे जान से मार देगा। आरोपी ने अभद्र एवं आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया। वहीं उसके साथ आए अन्य तीनों लोगों ने भी गेट संख्या-3 के पास से गुजरते समय पीड़िता को गालियां दीं और सबक सिखाने की धमकी दी।
पीड़िता के अनुसार, घटना के बाद से उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं, जिससे वह भयभीत है। सुरक्षा की दृष्टि से उसने सिविल कोर्ट परिसर में शिकायतवाद दर्ज कराया। शिकायत में दावा किया गया है कि पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। उसने न्यायालय प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने और उसके आधार पर उचित कार्रवाई की मांग की है।
वैशाली कुमारी ने अपने आवेदन की प्रतिलिपि वरीय पुलिस अधीक्षक और कदमा थाना प्रभारी को भी भेज दी है। उसने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करने तथा खुद और परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की है।

