
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई थाना क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले चौक बाजार स्थित बाटा चौक में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना से व्यापारियों में हड़कंप मच गया. जेम्स हाउस नामक जेम्स की दुकान से अज्ञात चोर पेटी का ताला तोड़कर लगभग 10 से 12 लाख रुपये मूल्य के पुखराज, नीलम, पन्ना सहित कई कीमती पत्थर लेकर फरार हो गया. घटना के समय दुकान मालिक करण सिंह शौच के लिए बाहर गए थे, जबकि स्टाफ सामान लेने के लिए पड़ोस की दुकान पर गया था, इसी दौरान आरोपी युवक मौका पाकर दुकान में घुसा और वारदात को अंजाम दिया.
पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें एक युवक को पेटी का ताला तोड़कर पत्थर चोरी करते हुए देखा जा सकता है. दिनदहाड़े भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई इस तीसरी चोरी की घटना से चौक बाजार के व्यापारियों में भारी आक्रोश है और वे पुलिस गश्ती तथा सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग कर रहे हैं.
सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उसे व्यापारियों के विरोध का सामना करना पड़ा. पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

