
उदित वाणी जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना पुलिस ने शुक्रवार दोपहर गुप्त सूचना के आधार पर साउथ पार्क स्थित चिन्मया स्कूल के पास से एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे युवक आदित्य झा उर्फ सन्नी (उम्र 24 वर्ष), निवासी बागबेड़ा थाना क्षेत्र, को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी जींस की कमर से एक देशी पिस्टल तथा जेब से तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। मौके पर ही उसे पकड़कर थाना लाया गया।
इस कार्रवाई को सिटी एसपी श्री कुमार शिवाशीष के मार्गदर्शन में, पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व और थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे के निर्देश पर की गई। पुलिस ने बताया कि एक विश्वसनीय सूचना मिली थी कि क्षेत्र में एक युवक अवैध हथियार के साथ किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है, जिसके बाद तुरंत छापेमारी दल का गठन किया गया। दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
सिटी एसपी के अनुसार गिरफ्तार आदित्य झा का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। वर्ष 2020 से 2024 के बीच उसके खिलाफ कुल चार मामले दर्ज रह चुके हैं, जिनमें मारपीट, जानलेवा हमला और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी लगातार अपराधियों के संपर्क में रहता था और इलाके में उसकी गतिविधियों पर पुलिस की नजर बनी हुई थी।
सिटी एसपी ने कहा कि जिले में अवैध हथियारों की रोकथाम को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। पिछले एक वर्ष के भीतर पूर्वी सिंहभूम जिले में लगभग 105 अवैध हथियारों की बरामदगी की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों पर सख्त निगरानी रखते हुए ऐसे अभियानों को आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बिष्टुपुर थाना में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
छापामारी दल में थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे, पुअनि आकाश कुमार पाण्डेय, निरज कुमार, रामप्रवेश राय, गोपाल पाण्डेय, आरक्षी भीम कुमार और आरक्षी योगेश सिन्कु शामिल थे।

