
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना अंतर्गत शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 2 में शुक्रवार को हुए तौकीर हत्याकांड का पुलिस ने महज छह घंटे में पर्दाफाश कर दिया. मो. तौकीर उर्फ गोरा की हत्या के मुख्य आरोपी मसूद इकबाल उर्फ अयान को पुलिस ने उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त एक देसी पिस्तौल बरामद की, जबकि घटनास्थल से छह खोखे भी जब्त किए गए हैं.

शुक्रवार को प्रेस वार्ता में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि तौकीर और अयान के बीच पुराना विवाद था. सितंबर महीने में तौकीर ने अयान पर चापड़ से हमला किया था. उसी रंजिश में अयान ने अपने साथियों के साथ मिलकर तौकीर की हत्या की योजना बनाई और शुक्रवार को इस वारदात को अंजाम दिया.
सिटी एसपी ने बताया कि घटना के वक्त आरोपी एक कार से पहुंचे थे. तौकीर को देखते ही उन पर हमला शुरू कर दिया गया. अयान ने अपने पास मौजूद देसी पिस्तौल से तौकीर पर ताबड़तोड़ छह गोलियां चला दीं. गोलीबारी के बाद भी आरोपी रुके नहीं और चापड़ से भी हमला किया. गंभीर रूप से घायल तौकीर की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात के बाद सभी आरोपी कार से फरार हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम हरकत में आई और इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी. तकनीकी जांच और स्थानीय स्रोतों की मदद से अयान की लोकेशन का पता लगाया गया. कुछ ही घंटों की तलाश के बाद पुलिस ने उसे उसके घर के पास से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के क्रम में अयान ने हत्या में प्रयोग किए गए हथियार के बारे में बताया, जिसके आधार पर पुलिस ने देसी पिस्तौल बरामद कर ली.
सिटी एसपी ने यह भी बताया कि तौकीर खुद भी कई आपराधिक मामलों में आरोपी था और हत्या तथा रंगदारी के मामलों में उसका नाम दर्ज है. इसी साल उसके खिलाफ तीन मामले कदमा थाना में दर्ज किए गए थे.
फिलहाल गिरफ्तार अयान को जेल भेज दिया गया है. घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे गिरोह को पकड़ लिया जाएगा.

