
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह थाना क्षेत्र में 14 नवंबर को हुए फायरिंग कांड और पति की हत्या की साजिश मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. जावेद खान द्वारा मामले की प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी. घटना की शुरुआत जावेद और उसकी पत्नी हीना के बीच हुए विवाद से हुई थी. इसी दौरान हीना ने अपने बॉयफ्रेंड लेघा के साथियों को फोन कर बुलाया और पति पर जानलेवा हमला करवाने की योजना बनाई. योजना के तहत मोहम्मद शाहबाज उर्फ भोंदू, बिट्टू उर्फ राहुल कुमार एवं अन्य आरोपियों ने किताडीह गाड़ीवान पट्टी में जावेद पर फायरिंग की थी.
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम को 20 नवंबर को सूचना मिली कि मुरूम मैदान, खातमहल में वही आरोपी दोबारा जावेद की हत्या की तैयारी में जुटे हैं. सूचना मिलते ही सशस्त्र बल की सहायता से छापामारी की गई, जिसमें तीन आरोपी—मो. शाहबाज उर्फ भोंदू (19), बिट्टू (22) एवं राहुल कुमार (20)—को मौके से गिरफ्तार किया गया. अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे.
गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार और मोबाइल बरामद किए गए. मो. शाहबाज उर्फ भोंदू के पास से एक देसी पिस्टल, मैगजीन और दो 7.65 एमएम की गोलियां मिलीं. बिट्टू से एक काले रंग का देसी रिवॉल्वर, मैगजीन तथा एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ, जबकि राहुल कुमार से नार्ज़ो कंपनी का मोबाइल जब्त किया गया.
जांच में पता चला कि शाहबाज उर्फ भोंदू पर 2025 में ही तीन आपराधिक मामले दर्ज हो चुके हैं. पुलिस ने तीनों गिरफ्तार आरोपियों पर आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं में नया मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है. वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापामारी लगातार जारी है.

