
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदित्यपुर थाना अंतर्गत ऑटो क्लस्टर के समीप एक अज्ञात युवक द्वारा सोनारी निवासी जितेन सेठ के साथ धोखाधड़ी कर मोबाइल लूटने और उसके बाद फोनपे के जरिए हजारों रुपये उड़ा लेने का मामला सामने आया है. यह घटना 9 तारीख की रात करीब 9 बजे की बताई जा रही है. पीड़ित जितेन सेठ ने बताया कि वह हथियाडीह स्थित अपने रिश्तेदार से मिलकर लौट रहे थे. उसी दौरान ऑटो क्लस्टर के पास एक युवक ने उनसे किसी को फोन मिलाने के नाम पर मोबाइल मांगा.
जितेन सेठ ने बिना किसी संदेह के मोबाइल उसे दे दिया, लेकिन फोन हाथ में लेते ही वह युवक तेजी से भाग निकला. अचानक हुई इस धोखाधड़ी से जितेन सेठ कुछ समय तक स्तब्ध रह गए और आसपास तलाश की, मगर युवक का कोई पता नहीं चल पाया.
कुछ दिन बाद उन्होंने नया फोन खरीदकर पुराना सिम अपडेट किया. इसके बाद जब उन्होंने फोनपे एप खोला तो कई संदिग्ध ट्रांजैक्शन दिखे. खाते से 10-10 हजार रुपये, 2 हजार रुपये सहित कई किश्तों में कुल 95 हजार रुपये दूसरे खाते में ट्रांसफर किए जा चुके थे. जांच में जिस खाते में रकम भेजी गई, उसमें ‘दीपक मुर्मू’ नाम दर्ज दिखाई देता है.
जितेन सेठ का खाता जमशेदपुर स्थित एसबीआई ब्रांच का है. उन्होंने तत्काल इस संबंध में बैंक और पुलिस को सूचना दी. शिकायत मिलने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस फोनपे ट्रांजैक्शन, अकाउंट डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है. जानकारी के अनुसार पुलिस तकनीकी सेल की मदद ले रही है ताकि मोबाइल चोरी करने वाले युवक और पैसे प्राप्त करने वाले खाते के धारक तक पहुंचा जा सके. फिलहाल पुलिस ने जांच तेज कर दी है और जल्द ही इस मामले में महत्वपूर्ण खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है.

