
उदित वाणी, जमशेदपुर : शनिवार सुबह आजादनगर रोड नंबर-17 स्थित एल अंसारी अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर आग लगने से अफरातफरी मच गई. घटना संदिग्ध मानी जा रही है. अपार्टमेंट के निवासियों ने अचानक उठती लपटें और धुआं देखा तो घबराहट में सभी अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए. तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी गई.
जानकारी के अनुसार आग आरिफ़ अंसारी के फ्लैट में लगी, जहां उस समय उनकी पत्नी और दो बच्चे अकेले मौजूद थे. महिला ने बताया कि बच्चे माचिस से खेल रहे थे, जिसके कारण कपड़ों में आग लगी और कुछ ही मिनटों में पूरा बेडरूम आग की चपेट में आ गया. तेज लपटें फैलने पर अपार्टमेंट के अन्य लोग भी मदद के लिए पहुंच गए.
घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को तुरंत दे दी गई, लेकिन टीम लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची. इस बीच काशिफ नामक एक युवक अपने दोस्तों के साथ आग बुझाने में जुट गया. सभी ने मिलकर काफी हद तक आग को नियंत्रित किया और समय रहते पूरे अपार्टमेंट को सुरक्षित कर लिया. फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचने के बाद बची हुई आग और सामान को संभाला.
घटना के बाद अपार्टमेंट में अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कुछ लोगों का कहना है कि बच्चों के खेल-खेल में आग इतनी बड़ी नहीं हो सकती. कुछ निवासियों ने महिला पर ही आग लगाने के आरोप भी लगाए हैं. हालांकि, इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
फिलहाल पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया है और आग पूरी तरह बुझने के बाद आगे की जांच शुरू कर दी गई है. घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

