
उदित वाणी, जमशेदपुर : झारखण्ड सरकार के माननीय वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर शुक्रवार को जमशेदपुर दौरे के दौरान सिंहभूम चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री पहुंचे, जहां उन्होंने चैम्बर सदस्यों, व्यवसायियों एवं उद्यमियों से मुलाकात की. इस अवसर पर शहर के विकास और औद्योगिक प्रगति से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई.
चैम्बर अध्यक्ष मानव केडिया, मानद महासचिव पुनीत कांवटिया सहित अन्य पदाधिकारियों ने मंत्री का स्वागत किया और क्षेत्रीय विकास से संबंधित कई महत्वपूर्ण विषय उनके समक्ष रखे. अध्यक्ष मानव केडिया ने टाटा कमांड एरिया में बंद पड़ी संपत्तियों की रजिस्ट्री को पुनः आरंभ करने की मांग की. उन्होंने कहा कि इसके बंद रहने से शहर के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं तथा राज्य राजस्व को भी नुकसान हो रहा है.
मानद महासचिव पुनीत कांवटिया ने कहा कि राज्य में नई औद्योगिक इकाइयों के प्रोत्साहन हेतु अधिक प्रतिस्पर्धात्मक नीति तैयार की जानी चाहिए. उन्होंने सुझाव दिया कि एम.एस.एम.ई. व विनिर्माण इकाइयों को पूंजी सब्सिडी, ब्याज अनुदान, रियायती बिजली दरें और समय-सीमाबद्ध स्वीकृति प्रणाली का लाभ मिलना चाहिए. उन्होंने औद्योगिक विकास के लिए “एकल खिड़की प्रणाली” (सिंगल विंडो सिस्टम) को प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर भी बल दिया.
उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने कहा कि राज्य में प्री-जीएसटी और पोस्ट-जीएसटी से जुड़े अनेक मामले लंबित हैं, जिससे डिफरेंशियल राशि का भुगतान वर्षों से अटका हुआ है. उन्होंने राज्य सरकार से एक विशेष निपटान एवं सत्यापन तंत्र बनाकर लंबित दावों का त्वरित समाधान करने की मांग की.
उपाध्यक्ष अधिवक्ता राजीव अग्रवाल ने कराधान तंत्र को अधिक पारदर्शी और डिजिटल बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि जीएसटी अनुपालन को सुदृढ़ करने के लिए डेटा-विश्लेषण आधारित निरीक्षण प्रणाली और ई-गवर्नेंस साधनों का विस्तार जरूरी है.
उपाध्यक्ष हर्ष अग्रवाल ने खनन क्षेत्र में अव्यवस्थित पट्टों की शीघ्र नीलामी, खनिज परिवहन की वास्तविक समय निगरानी और राजस्व रिसाव रोकने के तकनीकी उपायों की आवश्यकता पर बल दिया.
वहीं, उपाध्यक्ष अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी) ने कोल्हान क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने पर जोर दिया और कहा कि यहां प्राकृतिक संसाधनों की प्रचुरता पर्यटन विकास के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करती है.
बैठक के अंत में माननीय वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सभी उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक पहल और विचार हेतु आश्वासन दिया.
इस अवसर पर उपाध्यक्ष भरत मकानी, सचिव अंशुल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, लिपु शर्मा, निवर्तमान अध्यक्ष विजय आनंद मूनका, पूर्व अध्यक्ष ए.के. श्रीवास्तव, नंदकिशोर अग्रवाल, उमेश खीरवाल, प्रतीक अग्रवाल, पीयूष गोयल, प्रकाश मोदी, दिलीप गोयल, राजीव बाकरेवाल, राजेश रिंगसिया, आनंद चौधरी सहित बड़ी संख्या में व्यवसायी एवं उद्यमी उपस्थित थे.

