
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में लगातार बढ़ रहे आपराधिक घटनाक्रम ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ताजा मामला सोनारी थाना क्षेत्र के आदर्श नगर फेज-4 का है, जहां झारखंड प्रदेश महिला उपाध्यक्ष पुनीता चौधरी के घर में करीब 9 से 10 लाख रुपए की चोरी की वारदात हुई है.
जानकारी के अनुसार, पुनीता चौधरी पिछले एक सप्ताह से अस्पताल में भर्ती हैं. परिवार के सभी सदस्य उनके इलाज में व्यस्त थे. इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाकर घर का ताला तोड़ा और अलमारी में रखे जेवरात व नकदी पर हाथ साफ कर दिया. बताया जा रहा है कि चोरों ने बड़ी सावधानी से वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए.
घटना की पूरी तस्वीर घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. फुटेज में कुछ संदिग्ध गतिविधियां देखी गई हैं, जिनके आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है. सोनारी थाना पुलिस को सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घर का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है.
गौरतलब है कि पिछले सप्ताह सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के विजया गार्डन में भी करीब 15 लाख रुपए की चोरी की घटना हुई थी, जिसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है. अब सोनारी में हुई चोरी ने एक बार फिर पुलिस की सक्रियता पर सवाल उठाए हैं.
स्थानीय लोगों ने कहा कि इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने असुरक्षा की भावना बढ़ा दी है. लोगों ने मांग की है कि पुलिस रात्रि गश्त बढ़ाए और संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष निगरानी रखे, ताकि अपराधियों के हौसले पस्त हों और आम लोगों में सुरक्षा की भावना बहाल की जा सके.

