
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के गम्हरिया स्थित शांति नगर में सोमवार की शाम 28 वर्षीय युवक शंभु सिंह ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. बताया गया कि शंभु अपने घर पर अकेले रहता था, जबकि उसकी दोनों बहनें हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करती हैं.
परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार, सोमवार दोपहर शंभु का किसी बात को लेकर पड़ोसियों से झगड़ा हुआ था. इसके बाद वह घर लौटा और शाम को शराब पीने के बाद अपने कमरे में चला गया. जब काफी देर तक वह बाहर नहीं आया तो पड़ोसियों को शक हुआ. झांककर देखने पर शंभु को फंदे से लटका पाया गया. स्थानीय लोगों की मदद से उसे नीचे उतारा गया और गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर बताते हुए उसे एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया.
एमजीएम अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद शंभु को मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया.
मृतक के मौसा कमलेश सिंह ने बताया कि शंभु बीते कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था और अक्सर अकेले में रहता था. वहीं पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है. पड़ोसियों से हुई पूछताछ में झगड़े की पुष्टि हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि कहीं झगड़े या किसी और कारण से शंभु ने यह कदम तो नहीं उठाया. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

