
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के टिनप्लेट स्थित संजय सद्भावना मार्केट में बीती रात चोरी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात चोरों ने मार्केट के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता अप्पा राव के कार्यालय का ताला तोड़कर लगभग 20 से 30 हजार रुपये नकद और कई महत्त्वपूर्ण कागजात चोरी कर लिए।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात अप्पा राव कार्यालय बंद करने के बाद कुछ देर वहीं रुके और फिर घर चले गए थे। बताया गया कि नकद राशि कार्यालय की टेबल के दराज में रखी हुई थी। शुक्रवार सुबह आसपास के लोगों ने कार्यालय का ताला टूटा देखा और तुरंत इसकी जानकारी अप्पा राव को दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो कार्यालय का सामान बिखरा हुआ मिला।
घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। अप्पा राव ने इस संबंध में थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर जल्द ही आरोपियों को पकड़ा जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यालय थाना से कुछ ही दूरी पर स्थित है, इसके बावजूद चोरों ने घटना को अंजाम दे दिया। बताया जा रहा है कि कार्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण चोरों को इसका फायदा मिला। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।


