
उदित वाणी, आदित्यपुर(का.प्र.): नगर निगम क्षेत्र के आम लोगों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझने और तत्परता से उसका समाधान करने के लिए आदित्यपुर नगर निगम में ‘हर वार्ड दस्तक’ अभियान की शुरुआत की गई है. इस अभियान की शुरुआत गुरुवार को वार्ड संख्या_30 से की गई. इस हेतु नगर निगम के प्रशासक रवि प्रकाश, उप नगर आयुक्त पारुल सिंह और नगर प्रशासन की पूरी टीम के द्वारा वार्डों का नियमित भ्रमण कर विकास कार्यों की जरूरतों, साफ-सफाई की स्थिति और जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं का आकलन किया जा रहा है. अभियान के पहले दिन अधिकारियों ने वार्ड संख्या_30 अंतर्गत रिक्शा कालोनी, एलआईजी और अन्य मुहल्लों में पहुंचकर लोगों की शिकायतें सुनीं और कई मामलों में मौके पर हीं समस्याओं का समाधान भी किया. वहीं, जल संकट वाले इलाकों में तत्काल कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. वहीं, जरूरतमंद परिवारों को पीएम आवास योजना का लाभ देने के लिए कैंप भी लगाया गया. साथ हीं होल्डिंग टैक्स से संबंधित कार्यों के लिए भी ऑन स्पॉट सेवा उपलब्ध कराई जा रही है.
नगर निगम प्रशासक ने बताया कि नगर निगम प्रशासन अब हर सप्ताह तीन दिनों तक विभिन्न वार्डों का नियमित भ्रमण करेगा. इससे जनता से सीधा संवाद स्थापित होगा और समस्याएं लंबे समय तक लंबित नहीं रहेंगी. उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, बोरिंग, सामुदायिक भवन जैसी बुनियादी जरूरतों का स्थल निरीक्षण कर वहीं पर योजना तैयार की जा रही है, ताकि आवश्यक विकास कार्यों को जल्द से जल्द अमल में लाया जा सके. अभियान के पहले दिन आज वार्ड संख्या_30 में अधिकारियों की उपस्थिति में खराब पड़े बोरिंग, बंद पड़े स्ट्रीट लाइट और साफ़ सफाई का काम कराया गया. वार्ड भ्रमण के दौरान कार्यपालक अभियंता पंकज झा समेत अन्य अधिकारी और निगम कर्मी भी उपस्थित थे. नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अभियान का उद्देश्य जनता की दिक्कतों को समझना ही नहीं, बल्कि उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है, ताकि शहर में शहरी सुविधाओं का स्तर और बेहतर हो सके. इस दौरान पूर्व पार्षद सुधीर चौधरी सहित काफी संख्या में वार्ड के लोग उपस्थित थे.

