
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर में मंगलवार दोपहर एक विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान गीता सोना के रूप में हुई है। घटना के समय उसका पति सोनू सिंह मजदूरी करने घर से बाहर था, जबकि घर पर केवल दोनों छोटे बच्चे—सात वर्ष और ढाई वर्ष के—मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार, सोनू के घर लौटने पर उसने गीता को फंदे से लटकता पाया। उसने तुरंत इसकी सूचना गीता के मायके वालों को दी। मायके पक्ष के आने के बाद शव को नीचे उतारा गया, लेकिन इसी दौरान सोनू टेंपो बुलाने का बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया।
मृतका की मां कृष्ण बाग ने बताया कि करीब सात वर्ष पूर्व गीता को सोनू से प्रेम हुआ था। सोनू उस समय फेरी का काम करता था। दोनों दिल्ली भाग गए और वहीं विवाह कर लिया। आठ माह पहले ही दोनों पति-पत्नी अपने दो बच्चों के साथ जमशेदपुर लौटे थे। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात किसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद गीता ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
सूचना मिलते ही कदमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर बुधवार को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, वहीं फरार पति की तलाश की जा रही है।

