
उदित वाणी, जमशेदपुर : साकची थाना क्षेत्र के नागरमल पास स्थित स्टेट बैंक के समीप बुधवार की रात अज्ञात चोरों ने तीन ठेलों का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. चोरी की यह वारदात 29 अक्टूबर की रात की बताई जा रही है.
पीड़ित दुकानदार अनुज ने बताया कि वह रोज की तरह रात में दुकान बंद कर घर चला गया था. अगले दिन 30 अक्टूबर की सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचा तो देखा कि ठेले का ताला टूटा हुआ है. जांच करने पर पता चला कि ठेले से इनवर्टर, बैटरी और दुकान के अन्य आवश्यक सामान गायब हैं. चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 20 हजार रुपये आंकी गई है.
घटना की जानकारी अनुज ने तुरंत साकची थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि चोरों की पहचान की जा सके.
साकची थाना प्रभारी ने बताया कि आसपास के क्षेत्र से कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और जल्द ही चोरी में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी किए गए सामान की बरामदगी की जाएगी.

