
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलेभर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में पोटका थाना क्षेत्र के रसूनचोपा चेकनाका पर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. जांच के दौरान ओड़िशा से जमशेदपुर की ओर जा रहे एक व्यक्ति के पास से 4 लाख 49 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
थाना प्रभारी धनंजय कुमार पासवान ने बताया कि नियमित वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई. इस दौरान बरामद राशि के संबंध में व्यक्ति कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका. तत्पश्चात मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में रुपये की गिनती कर जप्ती सूची तैयार की गई तथा राशि को एक डिब्बे में रखकर सील किया गया.
उन्होंने बताया कि जांच प्रक्रिया वीडियोग्राफी के माध्यम से की जा रही है ताकि पूरी कार्रवाई में पारदर्शिता बनी रहे. थाना प्रभारी ने कहा कि आचार संहिता की अवधि तक यह सघन जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा और बिना दस्तावेज बड़ी राशि ले जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
गौरतलब है कि जिले के विभिन्न चेक पोस्टों पर अब तक 22 लाख 68 हजार 400 रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं. पुलिस और प्रशासन लगातार चौकसी बरत रहे हैं ताकि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि या धन का चुनावी प्रक्रिया पर असर न पड़े. प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी राशि के साथ यात्रा करने पर आवश्यक प्रमाणपत्र साथ रखें, अन्यथा राशि जब्त की जा सकती है.

