
उदित वाणी, जमशेदपुर : स्थानीय लोगों की तत्परता और गोताखोरों की मदद से आज कुलुपटांगा घाट पर बागबेड़ा के नया टोला निवासी आशीष कुमार नामक एक युवक की जान बचाई गई, जो कि अचानक नदी के तेज बहाव में फंसकर कुलुपटांगा घाट की ओर बह रहा था. स्थानीय गोताखोरों की टीम ने युवक को पानी के अंदर से बाहर निकाला. और उसके उपरांत समाजसेवी निरंजन मिश्रा ने तत्परता दिखाते हुए एक निजी वाहन से उसी टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया.
वहां डॉक्टरों के प्रयास से उसे होश आया और अब वह पूरी तरह से सुरक्षित है. वहीं, निरंजन मिश्रा ने बागबेड़ा के कुछ स्थानीय लोगों से संपर्क कर युवक के घरवालों को इसकी सूचना दी. युवक को नदी के पानी से बाहर निकालने में स्थानीय गोताखोर वीरेंद्र एवं उनकी टीम तथा स्थानीय प्रबुद्धजन संतोष चौबे, आशीष झा व अशोक चौधरी का अहम योगदान रहा. वहीं, अस्पताल पहुंचने पर युवक के माता-पिता ने निरंजन मिश्रा के प्रति आभार जताया.

