
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के एक नामी स्कूल परिसर में अज्ञात शरारती तत्वों द्वारा फायर बम फेंके जाने की घटना ने स्कूल प्रशासन, अभिभावकों और स्थानीय समुदाय में गहरी चिंता पैदा कर दी है. यह घटना पहली बार 21 अक्टूबर को हुई थी, जबकि शुक्रवार शाम को एक बार फिर इसी तरह का हमला किया गया. इस हमले में स्कूल की कई खिड़कियों के शीशे टूट गए और परिसर में अफरा-तफरी मच गई.
स्कूल प्रशासन के अनुसार, एक समूह के युवकों ने स्कूल कैंपस की दीवार के बाहर से फायर बम फेंके और तुरंत मौके से फरार हो गए. स्कूल के एक अधिकारी ने पुलिस को भेजे संदेश में लिखा, “त्योहारों के बीच इस तरह की हरकतें बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हैं. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि ये युवक कितनी बेखौफी से ऐसे कारनामे कर रहे हैं.” उन्होंने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की तथा कहा कि लगातार हो रहे हमलों से शैक्षणिक माहौल बाधित हो रहा है.
सिटी एसपी और उनकी टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है. पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपितों की पहचान की जा सके. पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और स्कूल सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी.
इस घटना के बाद अभिभावकों और शिक्षकों ने स्कूलों के आसपास अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की है. स्थानीय निवासियों ने भी अपील की है कि प्रशासन ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

