
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो बस स्टैंड के पास स्थित पलंग मार्केट में देर रात अचानक भीषण आग भड़क उठी. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कई दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. लकड़ी, गद्दे और फर्नीचर से भरे इस बाजार में लपटें उठते ही लोगों में अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी. झारखंड अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका.
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल या हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन व्यापारियों को लाखों रुपये के नुकसान का सामना करना पड़ा है. कई दुकानों का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया. आग लगने के कारणों का अभी आधिकारिक तौर पर खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन स्थानीय दुकानदारों ने रंगदारी विवाद की आशंका जताई है.
दुकानदारों का आरोप है कि ‘शुरू’ नामक युवक ने कुछ दिन पहले उनसे रंगदारी की मांग की थी. रुपये नहीं देने पर उसने जान से मारने और दुकानें जलाने की धमकी भी दी थी. कुछ लोगों का दावा है कि आग लगने से पहले देर रात संदिग्ध युवकों को बाजार के आसपास घूमते देखा गया था.
सूचना के बाद साकची थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस पूरे मामले को रंगदारी और आपराधिक साजिश के एंगल से देख रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं संदिग्ध युवक ‘शुरू’ की तलाश जारी है. प्रशासन ने नुकसान का आंकलन कराने और पीड़ित व्यापारियों को उचित सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिया है. फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है.

