
उदित वाणी, जमशेदपुर : सरायकेला थाना क्षेत्र के भोलाडीह में शुक्रवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे में जीजा-साला की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है. दोनों बाइक पर सवार होकर सरायकेला जा रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को तेज रफ्तार में टक्कर मार दी, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
मृतकों की पहचान बोकारो निवासी अर्जुन लामाय और सरायकेला के साहेबगंज निवासी गोपी बारी के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार अर्जुन कुछ दिन पूर्व अपने ससुराल साहेबगंज आया हुआ था. शुक्रवार की शाम वह अपने साला गोपी बारी के साथ बाइक (संख्या JH 06S 0673) पर सवार होकर सरायकेला जाने की बात कहकर घर से निकला था. बताया जाता है कि दोनों किसी काम से कोलाबिरा की ओर चले गए थे. देर शाम लौटने के दौरान भोलाडीह के पास उनकी बाइक को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी.
स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना सरायकेला थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सरायकेला सदर अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
घटना के बाद भोलाडीह इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वहीं मृतकों के परिजनों को जैसे ही हादसे की खबर मिली, परिवार में कोहराम मच गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.

