
उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर, गम्हरिया में पारिवारिक विवाद के दौरान बहू के भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान 34 वर्षीय पुटूस कुमार, पिता जगदीश प्रसाद, निवासी देवरिया (नालंदा, बिहार) के रूप में हुई है. घटना गुरुवार, 2 अक्टूबर की रात लगभग 9 बजे की बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, घरेलू कलह के दौरान पुटूस कुमार पर उसकी बहन के ससुर दशरथ प्रसाद (58 वर्ष) ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल अवस्था में पुटूस को उपचार के लिए टीएमएच अस्पताल ले जाया गया, जहां शुक्रवार, 3 अक्टूबर को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना के बाद आरोपी दशरथ प्रसाद घटनास्थल से फरार हो गया था. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छापामारी अभियान चलाया और तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को लोहे के चाकू सहित गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
इस संबंध में वादी द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या 299/25, धारा 103/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है. छापामारी टीम का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया ने किया, जबकि टीम में आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद तिर्की सहित पुलिस अधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.

