
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर व हावड़ा पुलिस के संयुक्त प्रयास से बड़ी सफलता हाथ लगी है। पश्चिम बंगाल पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर हावड़ा जिले के टिकियापाड़ा के पास एक बोलेरो वाहन से चार किलो सोना और पांच लाख रुपये नकद बरामद किया है। इस कार्रवाई में जमशेदपुर के चार युवकों को हिरासत में लिया गया है। बरामद सोने की बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।
ग्रामीण एसपी हावड़ा को जानकारी मिली थी कि बोलेरो में भारी मात्रा में सोना और नकदी ले जाई जा रही है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बोलेरो को रोका और तलाशी के दौरान चार किलो सोना व नकदी बरामद की। हिरासत में लिए गए युवकों में सोनारी पंचवटीनगर निवासी नितिन सिंह, मानगो बालीगुमा निवासी प्रवीण सिंह और टेल्को भुवनेश्वरी मंदिर के पास रहने वाला सुमित रजक शामिल हैं। बोलेरो चालक की पहचान अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। फिलहाल सभी से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद सोना कहां से लाया जा रहा था और किसे सप्लाई किया जाना था। शुरुआती जांच में संभावना जताई जा रही है कि यह सोना कोलकाता या अन्य बड़े शहरों से कमीशन पर लाकर जमशेदपुर के बाजार में सप्लाई किया जाना था।
जमशेदपुर के एक सोना व्यापारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि शहर में कुछ लोग इस धंधे से जुड़े हैं। वे बड़े शहरों से सोना खरीद कर स्थानीय दुकानों में मांग के अनुसार सप्लाई करते हैं। पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है।

