
उदित वाणी, जमशेदपुर/आदित्यपुर (का.प्र.): विधि-व्यवस्था की स्थिति को बरकरार रखने हेतु आदित्यपुर पुलिस की टीम के द्वारा थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर गश्त किया गया. और घूम-घूमकर थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों की स्थिति की जानकारी हासिल की. इस हेतु पुलिस टीम को तीन टुकडिय़ों में बांटा गया था, जिन्हें कि अलग-अलग मुस्लिम बस्ती, एस टाईप तथा गम्हरिया बाजार में गश्त करने की जिम्मेवारी दी गई थी.
थाना प्रभारी राजन कुमार के अनुसार, वर्तमान समय में निषेधाज्ञा लागू है. इस हेतु पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र सिंह के निदेश पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु गश्ती की जा रही है. वहीं, जिला के पुलिस अधीक्षक आज घंटो आदित्यपुर थाना क्षेत्र में डटे रहे तथा उनके द्वारा समय-समय पर आदित्यपुर थाना प्रभारी को आवश्यक निदेश भी दिया जा रहा था.
रिमांड के बाद पुन: जेल गया छोटू राम
आदित्यपुर पुलिस ने सतबोहनी में हुए तिहरे हत्याकांड के नामजद आरोपी छोटू राम की रिमांड पूरी होने के बाद उसे वापस सरायकेला जेल भेज दिया. इससे पूर्व पुलिस टीम के द्वारा तीन दिनों के रिमांड पर लेकर छोटू राम से पूछताछ की गई. पूछताछ के दौरान पुलिस ने घटना, घटना का कारण तथा घटना में शामिल फरार आरोपियों के संबंध में विस्तृत जानकारी भी हासिल की.
स्वरोजगार हेतु बैंकों से 2 लाख तक ऋण मिलेगा
दीनदयाल अन्त्योदय योजना राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत ऋण हेतु गठित टॉस्क फोर्स की आज अपर नगर आयुक्त गिरिजा शंकर प्रसाद की अध्यक्षता में आदित्यपुर नगर निगम कार्यालय के सभागार में बैठक संपन्न हुई. बैठक में अपर नगर आयुक्त ने बताया कि स्वरोजगार करने वाले निगम क्षेत्र के लोगों को विभिन्न बैंकों के माध्यम से अधिकतम दो लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जायेगा. और ऋण से किसी प्रकार का व्यवसाय शुरु किया जा सकेगा.
और प्राप्त ऋण को आवेदक आसान किस्तों में बैंक में जमा कर सकेंगे. वहीं, बैंक ऋण के एवज में बैंकों से मात्र 7 प्रतिशत ब्याज लेंगे. इससे अधिक ब्याज का भुगतान योजना के माध्यम से बैंकों को किया जायेगा. स्वरोजगार करने की चाहत रखने वालों के लिए यह एक सुनहरा अवसर है. बैठक में उपस्थित सभी बैंक प्रतिनिधियों को उनके बैंक से संबंधित स्वरोजगार, स्वयं सहायता समूह एवं पीएम स्वनिधि ऋण के लिए प्राप्त आवेदनों को ससमय निष्पादित करने का भी निदेश दिया गया.
वहीं, प्लॉस्टिक मुक्त अभियान हेतु बैठक में बैंक प्रतिनिधियों से कपड़े का थैला वितरण कराने का भी निर्णय लिया गया. मौके पर नगर मिशन प्रबन्धक विकास शुक्ला व मणि मुकुट सुरीन, नगर प्रबन्धक निखिल किरण, सामुदायिक संगठनकर्ता सत्यम भारद्वाज सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

पहली वारिश मे हीं जलमग्न हुई औद्योगिक क्षेत्र की सड़कें
मॉनसून की पहली वारिश में ही आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र की सड़के जलमग्न हो गई है. परिणामस्वरुप उद्यमियों के साथ-साथ वहां काम करने वाले कामगारों एवं अन्य स्टॉफ को भी आवागामन में काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही है. उद्यमियों की समस्या का निदान कब-तक होगा, यह बताने की स्थिति में भी कोई नहीं है.
उल्लेखनीय है कि विभिन्न एजेंसियों के द्वारा औद्योगिक क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर पाइप लाईन बिछाने हेतु सड़कों की खुदाई की जा रही है, जिसके कारण औद्योगिक क्षेत्र की लगभग सभी सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई है. क्योंकि एजेंसियों के द्वारा काफी धीमी गति से सड़कों की खुदाई एवं रिस्टोरेशन का काम किया जा रहा है.
वहीं, अब मॉनसून की वारिश शुरु होते हीं औद्योगिक क्षेत्र के क्षतिग्रस्त सड़कों पर पानी जमा हो गया है, जो कि दुघर्टना को भी आमंत्रण दे रहा है. उल्लेखनीय है कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में अति लघु, लघु, मध्यम और बृहद स्तर की लगभग 13 सौ इकाईयां है, जिनके उपर लगभग दो लाख लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रुप से निर्भर है.
बिजली के जर्जर तार-पोल को बदलने की मांग
सिंहभूम इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (सिया) के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज विद्युत कनीय अभियंता अनूप प्रसाद से मुलाकात की तथा उन्हें औद्योगिक क्षेत्र की बिजली से संबंधित समस्याओं से अवगत कराया गया.
वहीं, औद्योगिक क्षेत्र के जर्जर हो चुके बिजली के पोल और तार को बदलने तथा उद्योगों के खराब पड़े मीटर को बदलने की मांग भी की गई. इस दौरान ऑटो प्रोफाइल से संबंधित विद्युत समस्या पर चर्चा करते हुए उसका निदान कराने का भी आग्रह किया गया. मौके पर सिया अध्यक्ष संतोष सिंह, महामंत्री उदय सिंह, उपाध्यक्ष नाजिर हुसैन, सतनाम सिंह, रविन्द्र सिंह आदि उपस्थित थे.


