
उदित वाणी, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में बुधवार को हुई झारखंड मंत्रिपरिषद की बैठक में कैबिनेट में कुल 27 प्रस्तावों पर मंजूरी दी गई. कैबिनेट की प्रधान सचिव श्रीमती वंदना दादेल ने बताया कि अफीम की बढती खेती को देखते हुए जमशेदपुर समेत चतरा, रांची, खूंटी और हजारीबाग पांच जिलों में एनडीपीएस थाना सृजित करने की स्वीकृति दी गई.नेतरहाट आवासीय विद्यालय की तर्ज पर चाईबासा, दुमका एवं बोकारो जिले में आवासीय विद्यालय के भवन निर्माण के लिएएक सौ सोलह करोड़ चौवन लाख सतहत्तर हजार आठ सौ रूपये की प्रशासनिक मंजूरी दी गई.
सहायक पुलिस कर्मियों की एक बर्ष के लिए सेवा अवधि विस्तार
सहायक पुलिस कर्मियों की एक बर्ष के लिए सेवा अवधि विस्तार की स्वीकृति दी गई. पंचम वित्त आयोग की अनुशंसा पर विकास आयुक्त की अध्यक्षता वाली कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर राज्य सरकार ने पंचायतों और नगर निकायों को अपने शुद्ध स्व कर राजस्व का चार फीसदी राशि देने का निर्णय लिया है. चार फीसदी की राशि का 40 फीसदी हिस्सा नगर निकायों को और 60 फीसदी पंचायतों को मिलेगा. चार फीसदी राशि की गणना पिछले वित्तीय बर्ष के राजस्व प्राप्ति के आधार पर गणना की जाएगी.
कस्तूरबा गांधी और 57 बालिका आवासीय विद्यालय के शिक्षिकाओं एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के मानदेय में 4 फीसदी की वृद्धि करने का निर्णय लिया गया. इन विद्यालयों में 1132 शिक्षिकाएं एवं 1015 शिक्षकेत्तर कर्मचारी हैं. अगली नियुक्ति होने तक झारखण्ड राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग एवं जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों के कार्यकाल के विस्तार की मंजूरी दी गई. राज्य के समेकित ग्रामीण विकास कार्यक्रम योजना अंतर्गत महिला प्रसार पदाधिकारी के पदों पर कार्यरत एवं सेवानिवृत्त कर्मियों के समायोजन तथा सेवान्त लाभ देने की स्वीकृति दी गई.
पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुण्डी अंचलान्तर्गत मौजा उदाजो कुदामसदा एवं दुवारसाई में रकबा 271.92 एकड़ गैरमजरूआ भूमि मेसर्स हिन्डालको इन्डस्ट्रीज लिमिटेड को लातेहार जिला में आवंटित चकला कोल ब्लॉक के लिए उपयोग की गई वन भूमि के एवज में उन्तीस करोड़ चालीस लाख चौसठ हजार चार सौ पचासी रूपये के भुगतान पर क्षत्तिपूरक वनरोपण के लिए वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग को स्थायी हस्तांतरण की स्वीकृति दी गई.

