
उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के आदित्यपुर और टाटानगर के बीच शुक्रवार शाम करीब 5:45 बजे हावड़ा-टिटिलागढ़ इस्पात एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22862) पर अज्ञात उपद्रवियों ने पत्थरबाजी कर दी. अचानक हुई इस घटना से ट्रेन में सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं है. ट्रेन निर्धारित समय पर टाटानगर स्टेशन पहुंच गई.
सूत्रों के अनुसार, ट्रेन जैसे ही आदित्यपुर से टाटानगर की ओर बढ़ रही थी, तभी किनारे से उपद्रवियों ने पथराव शुरू कर दिया. कई खिड़कियों पर पत्थरों के निशान साफ देखे गए हैं. इस दौरान यात्रियों ने आपस में सीट बदलकर खुद को बचाया. कुछ यात्रियों ने बताया कि इस तरह की घटनाएं यात्रा के दौरान भय का माहौल बना देती हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की टीम सक्रिय हो गई है. अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर सुरक्षा के लिहाज से इलाके की गश्त बढ़ा दी है. रेलवे अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि उपद्रवियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी. साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त उपाय किए जाएंगे.
यात्रियों ने भी रेलवे प्रशासन से मांग की है कि ट्रेन गुजरते वक्त संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो. फिलहाल इस घटना से किसी प्रकार की जान-माल की हानि नहीं हुई है, लेकिन यह सुरक्षा तंत्र पर गंभीर सवाल खड़ा करती है.

