
उदित वाणी जमशेदपुर : आगामी दुर्गा पूजा पर्व को ध्यान में रखते हुए नीमडीह थाना पुलिस ने अवैध शराब निर्माण और बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस अभियान के तहत नीमडीह थाना पुलिस ने ग्राम जुगिलोंग के किनारे अवैध महुवा शराब की तीन भट्टियों को ध्वस्त किया। साथ ही करीब 300 किलो ग्राम जावा महुवा शराब जब्त कर विधि सम्मत तरीके से नष्ट किया गया।
नीमडीह थाना प्रभारी ने बताया कि अवैध शराब माफिया पर अंकुश लगाने और समाज में व्याप्त असमाजिक गतिविधियों को रोकने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। अवैध महुवा भट्टी संचालकों की पहचान की गई है और उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा, पूर्व से चिन्हित एवं आरोपित अन्य अवैध देशी महुवा भट्ठी संचालकों पर भी निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
थाना प्रभारी ने कहा कि दुर्गा पूजा के अवसर पर विशेष सतर्कता बरतते हुए अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई को और तेज किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की ताकि समाज से अवैध शराब की कुप्रथा समाप्त की जा सके। स्थानीय लोग भी पुलिस की इस पहल का समर्थन कर रहे हैं और इसे सामाजिक सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बता रहे हैं।
नीमडीह पुलिस आगामी दुर्गा पूजा पर्व को शांति और सुरक्षा के साथ सफल बनाने हेतु अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी रखेगी।


