
उदित वाणी, जमशेदपुर : ऑल झारखंड साउंड एंड लाइट कमेटी की विशाल बैठक सोनारी राम मंदिर प्रांगण में अध्यक्ष दिनेश साह की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में विभिन्न क्षेत्रों से डीजे, लाइट, डेकोरेशन-साउंड सिस्टम के करीब 60-65 संचालक उपस्थित हुए. कुछ सदस्य अपनी व्यस्तता के कारण शामिल नहीं हो पाए, लेकिन उन्होंने कमेटी के निर्णय का सम्मान करने की बात कही.
बैठक में कमेटी के अध्यक्ष श्री दिनेश साह, पदाधिकारीगण जीतेंद्र शर्मा, संजीव मंडल, अमीत, फिरोज खान, सुभाष, बबलू, सुरज यादव, चंदन दास, बंधन उरांव, जुगल, दीपक, सन्नी, विकास, मंगल सहित अन्य कई डीजे व लाइट व्यवसायी शामिल हुए. सभी ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि समिति के कुछ प्रतिनिधि 19 सितंबर 2025 को जिला प्रशासन से मिलेंगे.
कमेटी का कहना है कि प्रशासन द्वारा डीजे संचालन और लाइट कार्य से जुड़े व्यवसायियों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रहती है. दुर्गा पूजा पंडाल में अश्लील गाने बजाने और विसर्जन जुलूस में डीजे पर रोक को लेकर प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए हैं. वहीं, बिजली विभाग और जुस्को की ओर से लाइट व्यवसायियों को लाइन चोरी न करने की चेतावनी मिलती है. इस पर समिति ने कहा कि लाइट और डीजे व्यवसायी पंडाल की मांग और अनुमति के बाद ही सेवाएं देते हैं—अपनी मर्जी से नहीं.
अब समिति प्रशासन से औपचारिक निवेदन करेगी कि प्रत्येक पंडाल संचालक को, समय रहते सूचना देकर, अश्लील गाने और बिना अनुमति डीजे व लाइट लगाने से मना किया जाए, जिससे किसी व्यवसायी पर प्रशासनिक कार्रवाई का गलत दबाव न बने. बैठक में यह भी तय हुआ कि समिति झारखंड के साउंड एंड लाइट व्यवसायियों की समस्याएं, प्रशासन के समक्ष एक स्वर में रखेगी.

