
उदित वाणी, जमशेदपुर : दक्षिण पूर्व रेलवे में कॉमर्शियल विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारियों की लंबे समय से प्रतीक्षित पोस्टिंग आदेश को जारी कर दी गई। इस आदेश के तहत खड़गपुर रेलमंडल के एसीएम आशुतोष कुमार सिंह (एके सिंह) को चक्रधरपुर रेलमंडल का नया एसीएम नियुक्त किया गया है। वहीं, चक्रधरपुर के एसीएम बबन कुमार को खड़गपुर भेजा गया है। एके सिंह का चक्रधरपुर से पुराना नाता रहा है, जबकि बबन कुमार पहले भी खड़गपुर में एसीएम का कार्यभार संभाल चुके हैं।
इसके अलावा, चार नए पदोन्नत एसीएम की पोस्टिंग भी इस आदेश में शामिल रही। धर्मवीर कुमार को आद्रा एफएम से रांची एसीएम के रूप में स्थानांतरित किया गया है। वहीं, अभिजीत विश्वास सीसीआई आद्रा से एसीएम रांची के पद पर पदोन्नत हुए हैं। पवन कुमार चौरसिया को एसीएम रिर्जवेशन से एसीएम लॉ में स्थानांतरित किया गया है। अंजनी कुमार राय का स्थानांतरण रांची एसीएम से कोलकाता मुख्यालय में एसीएम रिर्जवेशन के पद पर किया गया है। अनुराध त्रिपाठी को एसीएम रिफंड से इए पीसीसीएम और आकाश मुर्खी को सीआई सीनी से एसीएम रिफंड पद पर पदोन्नत किया गया है।
70 प्रतिशत कोटे के अंतर्गत ग्रेड-‘बी’ पैनल के अनुसार यह पोस्टिंग और तबादला सूची तैयार की गई। पिछले दिनों सीनियरिटी और कार्यक्षमता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों का इंतजार लंबित था। खासकर चक्रधरपुर डिवीजन में एसीएम-एओएम की स्थिति को लेकर कई चुनौतियां बनी हुई थीं। वर्तमान में चक्रधरपुर में दो एसीएम पदस्थ हैं। इस बार सबसे चर्चा में रही चक्रधरपुर की एसीएम पोस्टिंग को लेकर प्रशासन की विशेष नजरें टिकी थीं।
इस पोस्टिंग के पीछे महत्वपूर्ण कारण भी सामने आए हैं। हाल ही में चक्रधरपुर रेलमंडल में तीन रेलकर्मी भ्रष्टाचार के आरोप में जेल भेजे गए थे। इसके अलावा, विभाग में 50 से अधिक अनियमितताओं के मामले भी उजागर हो चुके हैं। इन पर सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। इसी संदर्भ में माना जा रहा है कि एके सिंह की नियुक्ति से चक्रधरपुर में प्रशासनिक सुधार और सख्ती की नई लहर आएगी।
विशेषज्ञ मानते हैं कि चक्रधरपुर में आगामी चुनौतियों में टाटानगर पार्किंग विवाद प्रमुख है। ऐसे में एके सिंह की प्रशासनिक दक्षता, अनुशासनिक दृष्टिकोण और सजग कार्यशैली पर सबकी निगाहें बनी हुई हैं। फिलहाल एओएम की पोस्टिंग आदेश अभी जारी नहीं किया गया है। प्रशासनिक हलकों का कहना है कि जल्द ही एओएम के लिए भी निर्णय लिया जाएगा।

