
उदित वाणी, जमशेदपुर : साइबर थाना बिस्टुपुर ने एक सनसनीखेज मामला उजागर करते हुए टाटा ऑफिसर्स चिल्ड्रेन हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक रमेश सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. रमेश सिंह पर आरोप है कि उन्होंने मनस मिश्रा, वी एन सिंह, रजत, विष्णु दीक्षित और भारत भूषण सिंह के खिलाफ गुमनाम ईमेल आईडी बनाकर अलग-अलग मंच पर शिकायत दर्ज कराई थी. जांच में पता चला कि यह कार्य उन्होंने राजेश दास, टाटा मोटर्स जमशेदपुर के पूर्व विधिक प्रमुख के निर्देश पर अंजाम दिया था.
साइबर थाना के अधिकारी ने बताया कि शिकायत मिलने पर व्यापक जांच शुरू की गई. रमेश सिंह से पूछताछ के दौरान उसने पूरी साजिश स्वीकार की और बताया कि उसे यह कार्य राजेश दास द्वारा दिया गया था. उसने यह भी खुलासा किया कि गुमनाम ईमेल आईडी से विभिन्न ऑनलाइन मंच पर जानबूझकर मनस मिश्रा व अन्य व्यक्तियों के खिलाफ गलत आरोप लगाए गए थे, ताकि उनका व्यक्तिगत और व्यावसायिक जीवन प्रभावित हो सके.
साइबर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “इस मामले में साजिश और अनुचित प्रबंधन के गंभीर पहलुओं को उजागर किया गया है. वर्तमान में रमेश सिंह को न्यायालय में पेश किया गया है, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है. हम मामले की गहराई से जांच कर रहे हैं ताकि राजेश दास सहित अन्य आरोपी भी जल्द ही कानून के तहत लाए जाएं.”
राजेश दास के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है और उसके खिलाफ छानबीन जारी है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस पूरे प्रकरण में डिजिटल साक्ष्य जुटाए हैं. अब यह जांच का दौर आगे बढ़ रहा है कि किस उद्देश्य से यह योजना बनाई गई थी और अन्य कौन-कौन लोग इसमें शामिल थे.

