
उदित वाणी, चांडिल : चांडिल थाना क्षेत्र के चिलगू गांव स्थित एक परित्यक्त पत्थर खदान में रविवार को दर्दनाक हादसा हुआ. गांव निवासी आकुलू गोराईं (50) 407 वाहन सहित पानी से भरे खदान में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आकुलू गोराईं अपने परिवार के साथ खदान में नहाने आए थे. उसी दौरान वहां एक 407 वाहन धोया जा रहा था. आकुलू किसी कारणवश वाहन में चढ़े और अचानक गाड़ी स्टार्ट कर दी. रिवर्स गियर में होने से गाड़ी बेकाबू होकर सीधे पानी से भरे गहरे खदान में जा गिरी. देखते ही देखते वाहन सहित वह पानी में समा गए.

ग्रामीणों और चालक ने कड़ी मशक्कत कर करीब आधे घंटे बाद उन्हें पानी से बाहर निकाला. तत्पश्चात स्थानीय महतो पॉलीक्लिनिक ले जाया गया. वहां से उन्हें पुलिस एंबुलेंस की मदद से बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

आकुलू गोराईं गांव में एनएच-33 किनारे छोटी दुकान लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनके अचानक निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. इधर, ग्रामीणों ने असुरक्षित खदानों को लेकर प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की है.

