
उदित वाणी, जमशेदपुर : पुलिस महकमे में रविवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) पीयूष पांडेय द्वारा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया। जारी अधिसूचना के तहत दो थाना प्रभारियों का तबादला तत्काल प्रभाव से कर दिया गया है। इस बदलाव के तहत उलीडीह थाना प्रभारी कुमार अभिषेक को पद से हटा कर गोलमुरी पुलिस लाइन क्लोज कर दिया गया है। उनकी जगह गोलमुरी पुलिस लाइन में तैनात अवर निरीक्षक दीपक कुमार ठाकुर को उलीडीह थाना प्रभारी के रूप में नियुक्त किया गया है। साथ ही, एसएसपी कार्यालय में पदस्थापित अवर निरीक्षक पवन कुमार-2 को गोविंदपुर थाना प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हाल के दिनों में उलीडीह थाना क्षेत्र लगातार सुर्खियों में रहा है। क्षेत्र में पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार, बढ़ती असामाजिक गतिविधियाँ, और अपराध के मामले सार्वजनिक ध्यान का केंद्र बने थे। इसी कारण थाना प्रभारी कुमार अभिषेक की कार्यशैली पर सवाल उठे थे। पुलिस विभाग ने इसे अनुशासनहीनता और कार्यप्रणाली में सुधार की आवश्यकता मानते हुए प्रशासनिक कदम उठाया है।
अधिकारियों का कहना है कि दीपक कुमार ठाकुर के अनुभव और कार्यक्षमता को ध्यान में रखते हुए उन्हें उलीडीह थाना प्रभारी बनाया गया है। नए प्रभारी के पदस्थापन से कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और आम जनता का पुलिस प्रशासन पर भरोसा बढ़ेगा। गोविंदपुर थाना प्रभारी के तौर पर अवर निरीक्षक पवन कुमार-2 की नियुक्ति से वहां की पुलिस कार्यशैली में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।
इस परिवर्तन को जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और अपराध नियंत्रण में प्रभावी रणनीति लागू करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया जा रहा है। पुलिस महकमा जनता के सहयोग से अपराध मुक्त और सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

