
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र के पारडीह चौक स्थित मारुति कंपनी के स्टॉक यार्ड में अचानक आग लगने से इलाके में अफरातफरी मच गई। यार्ड में खड़ी एक फोर्ड फिगो कार देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई। आग इतनी भीषण थी कि उठते काले धुएं ने पूरे क्षेत्र को ढक लिया और आसपास के लोग दहशत में आकर मौके पर जुट गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने आजादनगर थाना और अग्निशमन विभाग को खबर दी। चश्मदीदों के मुताबिक, यार्ड में कार की बैटरी बदली जा रही थी। इसी दौरान जब कार को स्टार्ट करने का प्रयास किया गया तो उसमें अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ और आग लग गई। डीएसपी सिकंदर खान ने बताया कि आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया था। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पास में खड़ी अन्य गाड़ियां भी चपेट में आ सकती थीं।
घटना की सूचना मिलते ही आजादनगर थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि बड़ा हादसा टल गया।
घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि आग लगते ही पूरे क्षेत्र में घना धुआं फैल गया और कुछ समय तक स्थिति भयावह हो गई थी। हालांकि, पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से हालात नियंत्रित हो गए। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

