
उदित वाणी, जमशेदपुर : आदित्यपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में आज उस समय अफरा-तफरी मच गई. जब प्रसव पीड़ा से कराहती हुई वहां पहुंची तुलसी सिंह नामक गर्भवती महिला (पति अजय सिंह) ने पीएचसी गेट के भीतर प्रवेश करते हीं एक बच्ची को जन्म दे दिया. बताया जाता है कि दंपति टोल ब्रिज के पास रहते हैं तथा खानाबदोश वाला जीवन व्यतीत करते हैं. घटना आज दिन के लगभग 11 बजे की बताई जाती है. आनन-फानन में स्वास्थ्यकर्मियों ने प्रसूता और नवजात को पीएचसी में भर्ती कराया है. फिलहाल जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं.
पीएचसी में डॉक्टर की कमी, एएनएम के भरोसे होता है प्रसव
बताया जाता है कि पीएचसी, आदित्यपुर में चिकित्सक उपलब्ध नहीं रहते हैं और ज्यादातर प्रसव एएनएम (सहायक नर्स/दाई) के सहारे कराए जाते हैं. सोमवार को ओपीडी में अनुबंधित चिकित्सक डॉ. श्वेता अग्रवाल ड्यूटी पर थीं. उन्होंने अकेले एक ही दिन में 200 से अधिक मरीजों का उपचार किया. यह हाल तब है जब लाखों की आबादी इस स्वास्थ्य केंद्र पर निर्भर है. बताया जाता है कि यहां पदस्थापित चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. लक्ष्मी कुमारी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गम्हरिया का प्रभारी बना दिया गया है, जिसके कारण वे आदित्यपुर पीएचसी में कार्यरत नहीं रहतीं. ऐसे में इलाज कराने आए मरीजों को इधर-उधर भटकने के लिए बाध्य होना पड़ रहा है.

