
उदित वाणी, जमशेदपुर : गोलमुरी क्षेत्र में प्रशासन ने ब्यूटी पार्लरों पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में जांच अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान पुलिस टीम पार्लरों से जुड़े सभी जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल कर रही है।
जांच में विशेष रूप से देखा जा रहा है कि पार्लर किसके नाम से रजिस्टर्ड है, वास्तविक संचालन कौन कर रहा है, दुकान पर मानक के अनुसार सही बोर्ड लगा है या नहीं और आवश्यक लाइसेंस तथा प्रमाणपत्र पूरे हैं या नहीं। थाना प्रभारी ने बताया कि इलाके के सभी पार्लरों की सूची बनाई जा रही है और पूरी रिपोर्ट जल्द ही एसएसपी को सौंपी जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी भी पार्लर में गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है तो संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को न केवल जेल भेजा जाएगा बल्कि जरूरत पड़ने पर संबंधित लाइसेंस भी रद्द किए जाएंगे।
जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि पार्लर जिस जमीन पर चल रहे हैं, उसका स्वामित्व और वैधता की भी पड़ताल होगी। यदि कोई भी पार्लर अवैध जमीन पर पाया गया तो उसके खिलाफ भी प्रशासन सख्त कदम उठाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का मकसद क्षेत्र में पारदर्शिता और नियमबद्ध संचालन सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि को रोका जा सके।

