
उदित वाणी, जमशेदपुर: जिले में बालश्रम रोकथाम के लिए गठित टास्क फोर्स ने शुक्रवार को चांडिल थाना क्षेत्र के काण्डरबेरा चौक स्थित होटलों और ढाबों पर छापेमारी की। इस दौरान कई नाबालिग बच्चों को काम करते हुए पाया गया, जिन्हें तुरंत रेस्क्यू कर परिजनों के हवाले किया गया।
छापेमारी अभियान में चांडिल पुलिस की टीम भी शामिल रही। कार्रवाई के दौरान गोपाल गोराई का ढाबा, बोडे हेम्ब्रम, सरोजानन्द मुर्मू और जगदीश होटल में बालश्रम में संलिप्त पाँच नाबालिग बच्चे पाए गए। सभी को सीडब्ल्यूसी (बाल कल्याण समिति) की देखरेख में परिजनों को सौंप दिया गया।
टास्क फोर्स में बाल कल्याण समिति के सदस्य सैयद आयाज़ हैदर, बीना रानी महतो, पद्मा गोराई, चाइल्ड हेल्पलाइन की कोऑर्डिनेटर कविता मिश्रा, समीर महतो, युवा संस्था के मुकेश कुमार पांडेय, डालसा के सुखरंजन एवं बिट्टू प्रजापति, आसनबनी के मुखिया विधु मुर्मू और चांडिल थाना की एस्कॉर्ट पार्टी शामिल रही।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि होटल और ढाबा संचालकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी और बालश्रम पर किसी भी हाल में रोक लगाई जाएगी।

